झांसी मंडल में हेमंत कुमार वर्मा बने सितंबर के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी

 

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत मुख्य ट्रेन क्लर्क हेमंत कुमार वर्मा को सितंबर 2026 का ‘एम्प्लाई ऑफ द मंथ’ चुना गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने उन्हें ₹2,000 का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कोचिंग आंकड़ों के संधारण में दिखाई कार्यकुशलता

हेमंत कुमार वर्मा द्वारा कोचिंग संबंधी आंकड़ों के संकलन, रिपोर्ट तैयार करने, डेटा अपडेट करने और विभिन्न परिचालन कार्यों का कुशलतापूर्वक निष्पादन किया जाता है। वह प्रतिदिन संपत्ति एवं कारणवार खराबी की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजने के साथ साप्ताहिक, मासिक और वार्षिक कोचिंग संबंधी मांग आदेश तैयार करते हैं।

नई ट्रेन से नए प्लेटफॉर्म तक, आंकड़ों का पूरा हिसाब

जोन और मंडल स्तर की रिपोर्ट के आधार पर कोचिंग आंकड़ों की प्रविष्टि, नई ट्रेनों के संचालन, नई लाइन एवं नए प्लेटफॉर्म से जुड़े आंकड़ों को अद्यतन करने का कार्य भी उनके जिम्मे है। इसके अलावा संबंधित प्रणालियों और अनुप्रयोगों में आवश्यक अद्यतन करने तथा कोचिंग ट्रेनों की रूपरेखा तैयार करने में भी उन्होंने दक्षता दिखाई है।

सम्मान से दूसरे कर्मचारियों को भी बेहतर काम की प्रेरणा

सेमिनार एवं बैठकों के लिए प्रस्तुतीकरण तैयार करने सहित कोचिंग ट्रेनों के आंकड़ों के नियमित संधारण में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। झांसी मंडल का कहना है कि कर्मचारियों की कार्यक्षमता, समर्पण और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के सम्मान दिए जाते हैं, ताकि अन्य कर्मचारी भी बेहतर कार्य निष्पादन के लिए प्रेरित हों।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *