स्नातकों की आवाज बनने के संकल्प के साथ शिवशंकर पटेल ने भरा पर्चा रोजगार, पुरानी पेंशन और शिक्षकों-कर्मचारियों के मुद्दे सदन तक पहुंचाने का संकल्प बुन्देलखण्ड के विकास और अलग राज्य की मांग को भी विधान परिषद में उठाने का ऐलान
झांसी। इलाहाबाद-झाँसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानाचार्य शिवशंकर पटेल ने मंगलवार को समर्थकों के साथ जनसमर्थन जुलूस निकालकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और उनके समर्थन में नारे लगाए।
नामांकन जुलूस आतिया तालाब स्थित मानस पुष्प वाटिका से शुरू हुआ, जो बीकेडी चौराहा होते हुए कमिश्नरी परिसर पहुंचा। यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिवशंकर पटेल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य स्नातक युवाओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की आवाज को विधान परिषद तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। रोजगार और बेरोजगारी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था, पुरानी पेंशन, शिक्षकों की समस्याएं तथा युवाओं के अधिकार उनके प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड और पूर्वांचल के विकास के बीच क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने के लिए सदन में मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। बुन्देलखण्ड को अलग राज्य बनाने की मांग को भी उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से उठाया जाएगा।
शिवशंकर पटेल ने कहा कि वह किसी दलगत दबाव के बजाय स्नातक मतदाताओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने मतदाताओं से क्षेत्रीय समस्याओं और सामाजिक सरोकारों को समझने वाले प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
नामांकन के दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख तिंदवारी, बांदा रमेश पटेल, पूर्व प्रधानाचार्य रजनीश कुमार, पूर्व सीओ जीडी सिंह कटियार, पूर्व प्रधानाचार्य जीआईसी राजेंद्र प्रसाद वर्मा, राजेश सचान, वीरेंद्र कुमार वर्मा, सर्वेश कुमार वर्मा, डॉ. विक्रम पटेल, अरविंद सिंह, रामप्रकाश निरंजन जालौन, कुर्मी क्षत्रिय कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार निरंजन, बाबू राजा, कुन्ज बिहारी फौजी, संतराम बापू, शैलेंद्र सिंह यादव, रमेश निरंजन जालौन, महेंद्र सिंह भाटिया, सागर पटेल झांसी सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव










