‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा दिल्ली का बारा खंभा रोड, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
झांसी/नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मांग के समर्थन में दिल्ली के बारा खंभा रोड और मंडी हाउस क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शन में झांसी से बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेसजनों ने भी भागीदारी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा और जगदीश चंद्र जांगिड़ के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कांग्रेस नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पीसीसी सदस्य राजेंद्र सिंह यादव, बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र शर्मा एडवोकेट, शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, डॉ. विजय भारद्वाज, अरविंद बबलू, मनीराम कुशवाहा, योगेंद्र सिंह पारीछा, पंकज मिश्रा नौटा, हरवंश लाल, प्रिंस कटियार, बलवान यादव, अखिलेश गुरुदेव, प्रफुल्ल तिवारी, लोकेन्द्र सिंह यादव, अमीर चंद्र, हरिओम श्रीवास, सुरेश नगाइच, जीतू श्रीवास, सचिन श्रीवास, मुलायम, रोहित ठाकुर, राजवीर सिंह गुर्जर और हरिशंकर वाल्मीकि सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास का मुद्दा उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने अपने नारों और विरोध के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया।
झांसी से बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की भागीदारी ने इस प्रदर्शन को बुंदेलखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राजनीतिक सक्रियता से भी जोड़ दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










