फाटक खुला छोड़ने से टला बड़ा रेल हादसा, ललित लक्ष्मीपुर हाल्ट के पास लापरवाही पर गेटमैन निलंबित

 

मधुबनी/राजनगर। राजनगर प्रखंड के ललित लक्ष्मीपुर हाल्ट के पास रेलवे फाटक खुला रहने के दौरान डाउन सवारी ट्रेन पहुंचने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के नजदीक आने तक फाटक खुला था और रेलवे ट्रैक से वाहनों व राहगीरों की आवाजाही जारी थी। ट्रेन को करीब आता देख गेटमैन ने आनन-फानन में फाटक बंद करना शुरू किया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

वीडियो प्रसारित होने के बाद हरकत में आया रेलवे प्रशासन

घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों और रेल यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्व मध्य रेलवे के स्थानीय रेल प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात गेटमैन को प्रथम दृष्टया लापरवाही के आधार पर निलंबित कर दिया है। साथ ही घटना की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि फाटक बंद करने में देरी क्यों हुई और स्टेशन मास्टर तथा गेटमैन के बीच सूचना के आदान-प्रदान में कोई चूक हुई थी या नहीं। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *