झांसी रेलवे स्टेशन पर RPF के जांबाज श्वानों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत 23 अक्टूबर से शुरू होगी 19वीं अखिल भारतीय RPF डॉग ड्यूटी मीट–2026, देशभर की टीमें पहुंचीं झांसी
झांसी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की 19वीं अखिल भारतीय डॉग ड्यूटी मीट–2026 में प्रतिभाग करने के लिए देशभर से श्वान दस्ते झांसी पहुंच गए हैं। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे प्रशिक्षित श्वानों का रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान श्वान दस्तों के साथ आए जवानों और प्रशिक्षकों का भी स्वागत किया गया।
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुल 73 प्रशिक्षित श्वान हिस्सा लेंगे। इनमें 26 ट्रैकर डॉग, 24 विस्फोटक पदार्थों की पहचान करने वाले श्वान और 23 मादक पदार्थों का पता लगाने वाले श्वान शामिल हैं।
प्रतियोगिता में प्रशिक्षित श्वानों की सूंघने की क्षमता, अपराधियों के सुराग तलाशने, विस्फोटकों की पहचान और मादक पदार्थों का पता लगाने की दक्षता परखी जाएगी। रेलवे सुरक्षा बल के श्वान दस्ते रेलवे परिसरों की सुरक्षा, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य श्वान दस्तों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाना, प्रशिक्षण के उच्च मानकों को प्रोत्साहित करना और विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के श्वान दस्तों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान करना है। झांसी मंडल में प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। 23 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस मीट में देशभर से आए श्वान अपने कौशल और दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।
संपादक: आलोक प्रकाश
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










