सतर्क आरपीएफ ने 700 किलोमीटर दूर कानपुर में खोज निकाली लापता किशोरी जयपुर से लापता 14 वर्षीय किशोरी कानपुर सेंट्रल पर मिली, सूचना मिलते ही सक्रिय हुई टीम ने सुरक्षित किया महिला कर्मियों की निगरानी में रखा, सत्यापन के बाद राजस्थान पुलिस को सौंपा

 

कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से जयपुर से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दूसरे राज्य से मिली सूचना पर सक्रिय हुई आरपीएफ टीम ने रेलगाड़ी के सामान्य डिब्बों में तलाश कर किशोरी को खोज निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षा प्रदान करते हुए राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज मंडल के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को किशोरी के ट्रेन संख्या 12495 से लखनऊ की ओर जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर तैनात आरपीएफ कर्मियों को सतर्क किया गया। रेलगाड़ी के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंचते ही जवानों ने सामान्य डिब्बों की जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान इंजन की ओर से दूसरे सामान्य डिब्बे में बुर्का पहने एक किशोरी दिखाई दी। पूछताछ में उसने अपनी उम्र 14 वर्ष बताई और जयपुर का निवासी होना बताया।

### परिजनों से संपर्क के बाद सामने आई पूरी कहानी

किशोरी के पास एक ट्रॉली बैग, 1,300 रुपये नकद और मोबाइल फोन मिला। उसके परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि वह घर से बिना बताए निकल गई थी। परिवार ने जयपुर के भट्टा बस्ती थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोबाइल की जानकारी और सीसीटीवी दृश्य के आधार पर उसके रेलगाड़ी से लखनऊ की ओर जाने का पता चला था।

### सुरक्षा के बाद पुलिस को किया सुपुर्द

आरपीएफ ने किशोरी को अपनी सुरक्षा में लेकर महिला कर्मियों की निगरानी में रखा। सूचना मिलने पर उसके माता-पिता भी कानपुर सेंट्रल स्थित आरपीएफ चौकी पहुंचे। आवश्यक कागजी कार्रवाई और पहचान के सत्यापन के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे किशोरी को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार के अनुसार, समय पर सूचना मिलने और टीम की सक्रियता से किशोरी को सुरक्षित खोजने में सफलता मिली। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि रेल यात्रा के दौरान किसी यात्री के लापता होने की सूचना पर त्वरित समन्वय और सतर्क निगरानी कितनी अहम है।

 

रिपोर्ट नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *