शिमला में राष्ट्रपति के साथ चलेगा 40 गाड़ियों का काफिला, 4 जगह जाएंगी द्रौपदी मुर्मु; 1500 जवान संभालेंगे व्यवस्था
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे शिमला, पालमपुर और अटल टनल रोहतांग सहित चार स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 अप्रैल से दो मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति सेना के हेलीकाप्टर से शिमला पहुंचेंगी, जिसके लिए अनाडेल और कल्याणी हेलीपैड को तैयार रखा गया है। संभावना है कि राष्ट्रपति कल्याणी हेलीपैड पर उतरेंगी, जबकि अनाडेल को भी रिजर्व रखा जाएगा।।
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हैं। शिमला में लगभग 1500 जवान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैनात किए जाएंगे। शिमला, पालमपुर और लाहुल स्पीति सहित सभी संभावित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शनिवार को शिमला स्थित राज्य सचिवालय में राष्ट्रपति के दौरे के संदर्भ में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने की, जिसमें सभी संबंधित विभागों के सचिवों और अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य सचिव ने बैठक में तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।










