उत्तर मध्य रेलवे में डिजिटल बदलाव: महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने किया ‘सेवा’ पोर्टल का शुभारंभ कर्मचारी कल्याण कोष की तीन योजनाओं

कर्मचारी कल्याण कोष की तीन योजनाओं के आवेदन से स्वीकृति तक की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, कागजी फाइलों से मिलेगी मुक्ति

चश्मा प्रतिपूर्ति और बच्चों की उच्च व तकनीकी शिक्षा की छात्रवृत्ति के आवेदन होंगे डिजिटल; जल्द पूरे रेलवे नेटवर्क के कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा

प्रयागराज/झांसी। उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारी कल्याण योजनाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और त्वरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारत सरकार के लंबित मामलों के निपटान संबंधी विशेष अभियान के तहत उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 13 अक्टूबर को वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण कोष के लिए विकसित वेब आधारित ‘सेवा’ (कर्मचारी कल्याण आवेदन स्वीकृति) पोर्टल का शुभारंभ किया।

इस डिजिटल पहल का उद्देश्य कागजी फाइलों की आवाजाही समाप्त कर कार्यालयों में कार्य सुगमता और डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा देना है। पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी कल्याण योजनाओं के आवेदन से लेकर उनकी स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होगी। इससे एक मेज से दूसरी मेज तक फाइलें पहुंचाने की पारंपरिक व्यवस्था से छुटकारा मिलेगा और आवेदनों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।

तीन प्रमुख योजनाओं के आवेदन होंगे ऑनलाइन

शुरुआती चरण में ‘सेवा’ पोर्टल पर कर्मचारी कल्याण कोष की तीन प्रमुख योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें चश्मा प्रतिपूर्ति, कर्मचारियों के बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति शामिल हैं। कर्मचारी अपने मोबाइल नंबर और एकमुश्त पासवर्ड (ओटीपी) के जरिए पोर्टल पर लॉग-इन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। साथ ही, वे अपने आवेदन की स्थिति को प्रत्येक स्तर पर ऑनलाइन देख सकेंगे।

आवेदन जमा करने से पहले नियमों के अनुसार पात्रता की जांच स्वतः होगी। इससे गलत आवेदन और अनावश्यक देरी की आशंका कम होगी। आवेदन की स्वीकृति के लिए संबंधित स्तर पर डिजिटल हस्ताक्षर टोकन अथवा ओटीपी का इस्तेमाल किया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से बैंक भुगतान संबंधी विवरण और लंबित मामलों की रिपोर्ट भी स्वतः तैयार की जा सकेगी। यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।

रेलवे के आईटी सेल ने किया विकसित

इस पोर्टल का डिजाइन और विकास उत्तर मध्य रेलवे के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ (आईटी सेल) ने मुख्य प्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी तरुण कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में किया है। इसके विकास में आशीष कुमार, अमित कुमार और अनिल कुमार पटेल का विशेष योगदान रहा।

कर्मचारियों को पारदर्शी सेवाएं देने पर जोर

पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आईटी सेल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘सेवा’ पोर्टल विशेष अभियान के उद्देश्यों को पूरा करने, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने और कार्यप्रणाली को सरल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कागजी फाइलों का संचालन समाप्त होने से कार्यालय अधिक व्यवस्थित बनेंगे और कर्मचारियों को पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि कार्मिक संबंधी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने और सेवा वितरण में सुधार लाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। जल्द ही ‘सेवा’ पोर्टल को संपूर्ण रेलवे नेटवर्क के कर्मचारियों के लिए उपलब्ध कराने की योजना है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *