झांसी में 5 एकड़ जमीन पर बनेगा अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय, पशुओं के बेहतर इलाज और आश्रय का रास्ता साफ
झांसी में घायल पशुओं के उपचार और देखभाल के लिए अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय और आश्रय स्थल के निर्माण को यूपी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। दया भावना फाउंडेशन 5 एकड़ जमीन पर इसका निर्माण और संचालन करेगी, जिससे निराश्रित पशुओं को संरक्षण मिलेगा।
झांसी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले पशुओं के बेहतर उपचार और देखभाल के लिए झांसी में पशु चिकित्सालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में यूपी सरकार की कैबिनेट मीटिंग में बुधवार को मिली मंजूरी के बाद अब पशुपालन विभाग के साथ दया भावना फाउंडेशन नाम की गैर सरकारी संस्था का एमओयू किया जाएगा। दया भावना फाउंडेशन इस पशु चिकित्सालय का निर्माण, पशु आश्रय स्थल का निर्माण और संचालन का काम करेगी।






