दारोगा कमलेश कुमार के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने अस्पताल पहुंचकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
झांसी। पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक कमलेश कुमार (58) की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिवार के लोगों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। नवाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूल रूप से इटावा के लवेदी थाना क्षेत्र के लखनपुरा के निवासी कमलेश कुमार पुत्र पंछी लाल दोहरे उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। इसके बाद में लगातार पदोन्नति पाकर उपनिरीक्षक बने। उनका करीब एक माह पहले फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ से झांसी तबादला हुआ था और वह पुलिस लाइन में तैनात थे।
उनकी पत्नी मंजू ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे कमलेश कुमार उठने के बाद वॉशरूम गए। वहां से लौटने पर उन्होंने बेचैनी और सिर में तेज दर्द की शिकायत की। इसके कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिवार के लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दारोगा कमलेश कुमार के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने अस्पताल पहुंचकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
कमलेश कुमार अपने पीछे पत्नी मंजू, दो बेटे और परिवार छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा आलोक लखनऊ सचिवालय में कार्यरत है और उसका विवाह हो चुका है। छोटा बेटा विवेक बेंगलुरु में सीपीडब्ल्यूडी में तैनात है। पिता के निधन की सूचना मिलते ही दोनों बेटे झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।










