झांसी स्टेशन पर तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी, संयुक्त टीम की सटीक कार्रवाई जीआरपी, आरपीएफ क्राइम विंग और क्यूआरटी ने डेढ़ लाख रुपये का अवैध मादक पदार्थ बरामद कर आरोपी को दबोचा
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी झांसी, आरपीएफ क्राइम विंग झांसी तथा अनुभागीय क्यूआरटी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या 1/7 से दिल्ली छोर स्थित रेलवे ई-केबिन के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणजीत धनगर, पुत्र मांगीलाल, निवासी ग्राम चांदाखेड़ी, थाना भाऊगढ़, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा के अंगुल से गांजा लाकर झांसी में बेचता था। उसने पुलिस को बताया कि ट्रेन में चल रही जांच के दौरान पकड़े जाने के डर से वह ट्रेन से उतरकर रेलवे ई-केबिन की ओर जा रहा था, लेकिन संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि गांजा उसे अंगुल में एक व्यक्ति ने दिया था, जिसका नाम वह नहीं बता सका।
इस संबंध में जीआरपी थाना झांसी में मु0अ0सं0 214/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
- प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, जीआरपी थाना झांसी
- उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह, जीआरपी थाना झांसी
- मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र कुमार, जीआरपी थाना झांसी
- आरक्षी अनिल कुमार, जीआरपी थाना झांसी
- अनुभागीय क्यूआरटी प्रभारी संदीप सिंह सेंगर एवं उनकी टीम
- आरपीएफ झांसी क्राइम विंग की टीम










