रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, जीआरपी-आरपीएफ समन्वय से करें कार्य: पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और भयमुक्त यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों की संयुक्त गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में झांसी रेल मंडल के अंतर्गत संचालित पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर चोरी, जेबकतरी और सामान चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों द्वारा सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर स्थानीय पुलिस, आरपीएफ और ग्राम सुरक्षा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जनजागरूकता अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने वाले वेंडरों के विरुद्ध अभियान चलाने तथा केवल वैध लाइसेंसधारी वेंडरों को ही अनुमति देने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा सभी ट्रेनों में कार्यरत कोच अटेंडेंट, पैंट्री कार और सफाई कर्मियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने झांसी जंक्शन सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने तथा नियंत्रण कक्ष को हर समय सतर्क रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महिला यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने तथा ट्रेनों में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
विपुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जीआरपी और आरपीएफ को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोपरि रखना होगा।
बैठक में जीआरपी झांसी के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार श्रीवास्तव, आरपीएफ पोस्ट झांसी के प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राणा, आरपीएफ क्राइम ब्रांच के ओमप्रकाश, जीआरपी कंट्रोल रूम, सीआईए, अनुभागीय स्वॉट टीम, क्यूआरटी टीम सहित दोनों विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










