एच1एन1 की दस्तक से पहले झांसी में स्वास्थ्य विभाग का अलार्म तीन संदिग्ध मरीजों के नमूने आगरा भेजे, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय—मेडिकल कॉलेज से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक बिस्तर आरक्षित

एच1एन1 की दस्तक से पहले झांसी में स्वास्थ्य विभाग का अलार्म

तीन संदिग्ध मरीजों के नमूने आगरा भेजे, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय—मेडिकल कॉलेज से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक बिस्तर आरक्षित

रिपोर्ट: नवीन यादव 

इन्फ्लूएंजा-ए एच1एन1 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए झांसी में स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है। बीमारी की रोकथाम और बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने साफ किया कि जनपद में अभी तक एच1एन1 का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन प्रदेश में बढ़ते मामलों को देखते हुए किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह तैयार रखा गया है।

सीएमओ ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन बैठक के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। सभी चिकित्सा इकाइयों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने और संदिग्ध मामलों की तत्काल निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम

जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. उत्सव राज ने बताया कि एच1एन1 बीमारी को लेकर सीएमओ कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां चिकित्सक और पैरामेडिकल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

कंट्रोल रूम नंबर : 0510-2980510

बीमारी से संबंधित जानकारी अथवा किसी आकस्मिक स्थिति में लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

तीन संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच को आगरा रवाना

संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग को जांच किट उपलब्ध कराई जा रही है। शनिवार को मेडिकल कॉलेज झांसी से तीन संदिग्ध मरीजों के नमूने आरटीपीसीआर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज आगरा भेजे गए। इनमें दो मरीज झांसी और एक मरीज ललितपुर का है।

मेडिकल कॉलेज में 10, जिला अस्पताल में 5 बिस्तर आरक्षित

संभावित मरीजों के उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में 10 बिस्तर, जिला चिकित्सालय में 5 बिस्तर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो बिस्तर आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी चिकित्सा इकाइयों को आईएलआई यानी इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और एसएआरआई यानी गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण के मामलों की दैनिक रिपोर्ट यूडीएसपी पोर्टल पर वास्तविक समय में दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे संदिग्ध मामलों की निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।

अफवाहों से बचें, भयभीत न हों

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने जनता से अपील की है कि एच1एन1 को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भयभीत न हों। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जनपद की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *