झांसी रेलवे में खेलों का महासंग्राम, मैदान में उतरे खिलाड़ी डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में गूंजा ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का नारा, ओलम्पियन खिलाड़ियों समेत राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं का सम्मान
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। रेलवे बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत 28 से 30 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत मंडल खेलकूद संघ, झांसी एवं सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट, झांसी द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय खेल दिवस का वृहद आयोजन किया गया।
अभियान के तहत मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एवं मंडल खेलकूद अधिकारी नन्दीश शुक्ल के निर्देशन में झांसी एवं ग्वालियर में विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं शतरंज सहित अन्य खेल शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
29 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के दौरान खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति प्रेरित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा रेलवे परिवार में खेलों के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश के साथ सभी प्रतिभागियों ने खेलों को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
ओलम्पियन खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जस्टिस डॉ. अनिल वर्मा तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलम्पियन खिलाड़ियों रजिंदर सिंह, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, जमशेर खान, हसरत कुरैशी एवं वीरेंद्र ध्यानचंद को सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनके खेल योगदान एवं उपलब्धियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एवं मंडल खेलकूद अधिकारी नन्दीश शुक्ल, मुख्य कारखाना प्रबंधक, सीएमएलआर ब्रजेश कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर, मंडल कार्मिक अधिकारी जी.पी. मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह, स्टेशन डायरेक्टर संजीव जाटव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष स्वर्ण सिंह ठाकुर तथा सदस्य ब्रजेन्द्र यादव, संतोष कुमार वर्मा, वहीद खान, मयंक वर्मा, इन्द्रपाल सिंह भदौरिया, मनीष यादव, सुमित अहिरवार, धीरज सक्सेना, अरविंद कुमार, महेंद्र साहू, उदय सिंह पाल, अजमत सिद्दीकी, अभिषेक रायकवार एवं केदार प्रसाद मीणा सहित खिलाड़ी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया। उपाध्यक्ष शोभाराम राय ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: नवीन यादव










