जिम्मेदार पत्रकारिता को मिला प्रशासनिक सम्मान, ‘अमर स्तम्भ’ के संजय यादव सम्मानित
रिपोर्ट नवीन यादव
अमेठी। तहसील एवं जनपद अमेठी में निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए हिन्दी दैनिक ‘अमर स्तम्भ’ के पत्रकार संजय कुमार यादव को सम्मानित किया गया। उपजिलाधिकारी अमेठी पंकज कुमार ने उनके पत्रकारिता कार्यों की सराहना करते हुए प्रशंसा पत्र प्रदान किया।
प्रशंसा पत्र में उपजिलाधिकारी ने कहा कि संजय कुमार यादव ने पत्रकारिता के उच्च मानदंडों का पालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्पक्षता, संवेदनशीलता और तथ्यपरकता के साथ किया है। विशेष रूप से संवेदनशील एवं सनसनीखेज मामलों में उन्होंने अफवाहों को रोकने तथा समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सकारात्मक सहयोग किया।
प्रशासन की ओर से जारी प्रशंसा पत्र के अनुसार, पत्रकार संजय यादव ने समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन करने और संतुलित जानकारी जनता तक पहुंचाने को प्राथमिकता दी। इससे प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास कायम करने में सकारात्मक भूमिका रही।
जनहित और पत्रकारिता की मर्यादा को दी प्राथमिकता
उपजिलाधिकारी कार्यालय ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित तथा पत्रकारिता की मर्यादाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सराहनीय है। प्रशंसा पत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई।
‘अमर स्तम्भ’ के पत्रकार संजय कुमार यादव को मिला यह सम्मान जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रशासनिक स्तर पर व्यक्त किए गए विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।










