देर-रात पुलिस से भिड़े लूट के ‘खिलाड़ी’, चली गोलियां! मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली, चार गिरफ्तार—एक साथी फरार लूटा मोबाइल, ₹1,320 नकद, तमंचा-कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS
झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने देर-रात नगरिया पुल के पास चेकिंग के दौरान आरोपितों को घेरा तो पुलिस के मुताबिक उनकी ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी। वहीं एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार आरोपितों की फायरिंग में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और स्वाट टीम प्रभारी बाल-बाल बच गए। उपनिरीक्षक अमित तोमर की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ऋषभ वाल्मीकि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया।
धोबीघाट चौकी के पास हुई थी लूट
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई निवासी नरेंद्र पुत्र राजाराम रजक ने कोतवाली थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि धोबीघाट चौकी क्षेत्र में बड़ा गांव गेट के पास अज्ञात लोगों ने उससे ₹2,000 नकद और मोबाइल फोन छीन लिया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 274/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक माध्यमों से आरोपितों की गतिविधियों तथा आवाजाही की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
नगरिया पुल पर घेरा तो फायरिंग
30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम नगरिया पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार आरोपितों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ऋषभ वाल्मीकि के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान हिमांशू उर्फ होती मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
चार गिरफ्तार, पांचवां फरार
गिरफ्तार आरोपितों में ऋषभ वाल्मीकि पुत्र राजेश उर्फ राकेश वाल्मीकि, निवासी कुम्हार टोला हसारी, थाना प्रेमनगर, उम्र करीब 24 वर्ष; मोंटी आर्या पुत्र मोहन आर्या, निवासी शिवाजी नगर, झांसी, उम्र करीब 21 वर्ष; विकास श्रीवास्तव पुत्र राजेश, निवासी शिवाजी नगर, झांसी, उम्र करीब 21 वर्ष तथा राज अहीरवार पुत्र दीपक, निवासी गुदरी मोहल्ला, थाना कोतवाली, उम्र करीब 19 वर्ष शामिल हैं।
वहीं हिमांशू उर्फ होती पुत्र राजकुमार, निवासी गुदरी मोहल्ला, थाना कोतवाली, पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।
तमंचा-कारतूस और दो बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन, ₹1,320 नकद और अन्य प्रपत्र बरामद किए हैं। इसके अलावा 315 बोर का एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की दो बाइक—अपाचे और स्प्लेंडर भी बरामद की गई हैं।
घायल आरोपित ऋषभ वाल्मीकि को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मुठभेड़, बरामदगी और मुकदमे के संबंध में कोतवाली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।










