वर्दी उतरी, यादें रह गईं… नम आंखों से जीआरपी के दो उपनिरीक्षकों को विदाई सेवा का सफर थमा, यादों का कारवां नहीं… एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव और उपाधीक्षक सलीम खान की मौजूदगी में दी भावभीनी विदाई

झांसी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झांसी अनुभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले उपनिरीक्षक अति वीर सिंह और वीरेंद्र सिंह सेवानिवृत्त हो गए। दोनों उपनिरीक्षकों की सेवानिवृत्ति पर जीआरपी अधिकारियों, सहकर्मियों और परिजनों की मौजूदगी में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और सहकर्मियों ने दोनों को नम आंखों से विदाई दी।

समारोह में पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी सलीम खान तथा प्रतिसार निरीक्षक विजय यादव सहित जीआरपी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सेवानिवृत्त उपनिरीक्षकों के परिजन और जीआरपी के सेवानिवृत्त अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने दोनों उपनिरीक्षकों के लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके विभागीय योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस विभाग में वर्षों तक पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा देना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सेवानिवृत्ति के बाद भले ही वर्दी और विभागीय जिम्मेदारियों से दूरी हो जाए, लेकिन सेवाकाल की यादें और सहकर्मियों के साथ बने रिश्ते हमेशा साथ रहते हैं।

विदाई के दौरान अधिकारियों और सहकर्मियों ने दोनों सेवानिवृत्त उपनिरीक्षकों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की। परिजनों की मौजूदगी ने समारोह को और भावुक बना दिया।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *