सेना भर्ती अभ्यर्थियों के लिए झांसी मंडल ने कसी कमर उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल चलाएगा दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें मुरैना-भिंड से मकरोनिया के बीच अक्टूबर में होंगे विशेष फेरों का संचालन

झांसी। सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। मुरैना-मकरोनिया और भिंड-मकरोनिया के बीच अक्टूबर में निर्धारित तिथियों पर ये विशेष ट्रेनें संचालित होंगी।

मुरैना-मकरोनिया-मुरैना अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 01831 मुरैना से 1, 3, 4, 5, 6 और 8 अक्टूबर 2026 को कुल छह फेरे लगाएगी। यह ट्रेन मुरैना से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर बानमोर, ग्वालियर, दतिया, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना मालखेड़ी, खुरई और सागर होते हुए रात 1:20 बजे मकरोनिया पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 01832 मकरोनिया से 2, 4, 5, 6 और 7 अक्टूबर को कुल पांच फेरे लगाएगी। ट्रेन मकरोनिया से रात 2:15 बजे रवाना होकर सागर, खुरई, बीना मालखेड़ी, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, दतिया, ग्वालियर और बानमोर होते हुए सुबह 10:25 बजे मुरैना पहुंचेगी।

इसी तरह भिंड-मकरोनिया-भिंड अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 01833 भिंड से 2, 7, 9, 10 और 11 अक्टूबर 2026 को कुल पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन भिंड से दोपहर 3:15 बजे रवाना होकर सोनी, गोहद रोड, ग्वालियर, दतिया, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना मालखेड़ी, खुरई और सागर होते हुए रात 2:20 बजे मकरोनिया पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 01834 मकरोनिया से 3, 10, 11 और 12 अक्टूबर को कुल चार फेरे लगाएगी। यह ट्रेन मकरोनिया से रात 3:15 बजे रवाना होकर सागर, खुरई, बीना मालखेड़ी, आगासोद, ललितपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, दतिया, ग्वालियर, गोहद रोड और सोनी होते हुए दोपहर 1:10 बजे भिंड पहुंचेगी।

सात-सात कोच की रहेंगी दोनों ट्रेनें

दोनों विशेष ट्रेनों में 6 जनरल द्वितीय श्रेणी कोच और 1 एसएलआर/डी कोच सहित कुल सात कोच रहेंगे। झांसी मंडल द्वारा यह व्यवस्था सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए की गई है।

रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचने और यात्रा की तैयारी करने की अपील की है। साथ ही यात्रा से पहले ट्रेन की वास्तविक स्थिति और समय की जानकारी 139/एनटीईएस से अवश्य प्राप्त करने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *