रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य संग डीआरएम ने संभाली झाड़ू, झांसी स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” अभियान में रेलकर्मियों ने लिया स्वच्छ रेल का संकल्प ट्रैक से कचरा हटाने के साथ गीले-सूखे कचरे का हुआ पृथक्करण स्वच्छता को एक दिन का अभियान नहीं, रोजमर्रा की जिम्मेदारी बनाने का संदेश
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (वर्क्स) राजेश अग्रवाल और मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में रेलकर्मियों ने स्टेशन परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैक से कचरा हटाने के लिए रैग पिकिंग के साथ गीले एवं सूखे कचरे को अलग करने की गतिविधियां की गईं।
सफाई के साथ स्वच्छता का संकल्प
अभियान में रेलकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वच्छता को अपनी नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि यह निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों और आमजन की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।
झांसी मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी सफाई
डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि स्वच्छता प्रत्येक रेलकर्मी, यात्री और आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है। “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” जैसे अभियान लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपने आसपास का परिवेश साफ रखने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि झांसी मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत विभिन्न स्टेशनों, डिपो, कार्यालयों और रेलवे परिसरों में लगातार स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में मंडल के अन्य स्टेशनों और डिपो पर भी स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई, ट्रैक से कचरा हटाने, रैग पिकिंग तथा गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की गतिविधियां की गईं। रेलकर्मियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छ रेल परिसर बनाए रखने का संकल्प लिया।
यात्रियों से भी सहयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों और आमजन से रेलवे परिसर में कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उसे दैनिक व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना है।
इस अवसर पर एडीआरएम परिचालन नंदीश शुक्ल, एडीआरएम इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य परियोजना प्रबंधक निर्माण संतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता समन्वय आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ डीईएनएचएम आनंद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट नीरज भटनागर सहित सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










