शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा का शक्ति प्रदर्शन, डॉ. मानसिंह यादव ने दाखिल किया नामांकन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव और पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव रहे मौजूद, तीन किलोमीटर के रोड शो में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम

 

 

झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने रविवार को झांसी कमिश्नरी कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व बस स्टैंड रोड स्थित कुंज वाटिका विवाह घर में सभा आयोजित हुई, जहां डॉ. यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

सभा के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने भव्य नामांकन जुलूस निकाला। कचहरी चौराहा, इलाइट चौराहा और बीकेडी चौराहा होते हुए करीब तीन किलोमीटर लंबा रोड शो कमिश्नरी कार्यालय पहुंचा। जुलूस में सैकड़ों वाहनों का काफिला रहा।

दस जनपदों से पहुंचे सपा नेता और कार्यकर्ता

जालौन, झांसी, ललितपुर, उरई, चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज सहित दस जनपदों के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, वर्तमान व पूर्व विधायक, सांसद प्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता नामांकन जुलूस में शामिल हुए।

इस मौके पर सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव, शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष एसपी सिंह, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह भोजला, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, प्रदेश सचिव महेश कश्यप और रईस अहमद समेत 20 प्रस्तावक मौजूद रहे।

भाजपा सरकार पर डॉ. मानसिंह का हमला

मीडिया से बातचीत में डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षा सेवा आयोग की अध्यक्ष का इस्तीफा, असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा का पेपर लीक होकर रद्द होना और भर्ती प्रक्रिया में ठहराव सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के साथ मजाक किया और पेपर लीक का रिकॉर्ड बनाया है।

डॉ. यादव ने कहा कि 69 हजार शिक्षक आज भी आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर 1.76 लाख शिक्षा मित्रों को समान कार्य-समान वेतन, वित्तविहीन शिक्षकों को सेवा पुस्तिका और सम्मानजनक मानदेय देने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। पुरानी पेंशन बहाली समेत ग्राम रोजगार सेवक, अनुदेशक और एडवोकेट प्रोटेक्शन लॉ से जुड़े वादों को 2027 के घोषणा पत्र में भी शामिल किए जाने की बात उन्होंने कही।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *