झांसी रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया ट्रेन चोर! बैग में लैपटॉप, चार्जर समेत करीब 50 हजार का सामान बरामद—चलती ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर यात्रियों को बनाता था निशाना

 

 

रिपोर्ट: नवीन यादव, VERDICT NEWS

झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने वाले एक आरोपी को जीआरपी झांसी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से काले रंग के बैग में लैपटॉप, चार्जर समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रेलवे सलीम खान के पर्यवेक्षण में जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 3 अक्टूबर को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1/7 से आगे दिल्ली छोर की ओर ई-कैबिन के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग का बैग मिला। बैग में लैपटॉप, चार्जर और अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

राजस्थान का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक पुत्र देशराज, उम्र 31 वर्ष, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। जीआरपी के अनुसार आरोपी चलती ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान चोरी करता था।

लल्लू राम की टीम ने दबोचा

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली जीआरपी टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक लल्लू राम के साथ उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। टीम ने स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से सामान बरामद किया।

बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई

जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी झांसी में बीएनएस की धारा 303(2)/317(2) के तहत कार्रवाई की है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान को निशाना बनाने वाले आरोपियों के खिलाफ जीआरपी की कार्रवाई से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता का संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *