एक्सक्लूसिव न्यूज़ पूर्णिया कोर्ट की रेल सुविधाओं पर बड़ी पहल, रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मिले सांसद पप्पू यादव आठ साल से लंबित वाशिंग पिट पर फिर जोर, रोज चले आनंद विहार स्पेशल; सहरसा की लंबी दूरी की ट्रेनें पूर्णिया तक लाने की मांग
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS
पूर्णिया। पूर्णिया की रेल सुविधाओं को लेकर सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार स्पेशल ट्रेन को सप्ताह में दो दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने, यात्रा समय कम करने और आनंद विहार से ट्रेन के प्रस्थान का समय यात्रियों की सुविधा के अनुरूप निर्धारित करने की मांग की। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेल सेवाओं में विस्तार की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
सहरसा की ट्रेनें अब पूर्णिया तक लाने की मांग
सांसद ने सहरसा से चलने वाली अहमदाबाद, बेंगलुरु और मुंबई की लंबी दूरी की सुपरफास्ट ट्रेनों का विस्तार पूर्णिया कोर्ट तक करने का अनुरोध किया। वहीं सहरसा–यशवंतपुर और सहरसा–लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी पूर्णिया कोर्ट से शुरू कराने की मांग रखी गई।
आठ साल से फाइलों में वाशिंग पिट, अब फिर उठी आवाज
पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर वाशिंग पिट, पिट लाइन और कोचिंग डिपो का निर्माण सांसद की प्राथमिक मांगों में रहा। बताया गया कि वाशिंग पिट का प्रस्ताव करीब आठ वर्षों से लंबित है। सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार परियोजना के लिए लगभग 1900 वर्गफीट निजी भूमि के अधिग्रहण की आवश्यकता है। सांसद ने भूमि का पुनः सर्वेक्षण कराने तथा अधिग्रहण प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग की।
पूर्णिया कोर्ट पहली प्राथमिकता, प्लेटफॉर्म बढ़ाने पर भी जोर
सांसद ने स्पष्ट किया कि वाशिंग पिट और कोचिंग सुविधाओं का निर्माण पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर ही उनकी पहली प्राथमिकता है। रेलवे भूमि का उपयोग कर ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाएं विकसित करने से पूर्णिया से नई लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन का रास्ता खुल सकता है। कृत्यानंद नगर की रेलवे भूमि को केवल वैकल्पिक विकल्प के रूप में रखने की बात कही गई।
इसके अलावा पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़ाने तथा पूर्णिया कोर्ट और पूर्णिया जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखी गई।










