पितृ पक्ष मेले में गया स्टेशन की सुरक्षा पर आरपीएफ-जीआरपी अधिकारियों ने किया मंथन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रवेश-निकास, प्लेटफॉर्म और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए दोनों सुरक्षा एजेंसियों में बेहतर समन्वय पर जोर

 

गया। पितृ पक्ष मेला 2026 में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गया पहुंचने की संभावना के बीच गया रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ और जीआरपी ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और विधि-व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण समन्वय बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया।

बैठक में सहायक सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ गया संजय कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, जीआरपी गया के डीएसआरपी गुलशन कुमार तथा थाना अध्यक्ष शिवकुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्री आवागमन क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की।

भीड़ बढ़ी तो व्यवस्था भी रहे तैयार

पितृ पक्ष मेले के दौरान गया स्टेशन पर श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने की स्थिति में भीड़ को नियंत्रित रखने और यात्रियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

एक सूचना, दो एजेंसियां और तत्काल कार्रवाई

बैठक में आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय को प्रमुखता दी गई। किसी भी आकस्मिक स्थिति में दोनों एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान तथा आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त रूप से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

मेले की भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व किसी घटना को अंजाम न दे सकें, इसके लिए स्टेशन परिसर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। दोनों सुरक्षा एजेंसियों ने पितृ पक्ष मेले के दौरान आपसी सहयोग और समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने पर सहमति जताई।

यात्रियों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और गया स्टेशन पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना इस पूरी सुरक्षा कवायद का प्रमुख केंद्र रहेगा। आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर मंथन किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *