झांसी स्टेशन पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव के निर्देशन में जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, 62.340 किलो गांजा बरामद तीन गिरफ्तार, 30 हजार रुपये नकद मिले; बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 36.30 लाख रुपये
झांसी। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों को नशीले पदार्थों की तस्करी का रास्ता बनाने वालों के खिलाफ जीआरपी और आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इनके कब्जे से 62.340 किलोग्राम गांजा और गांजा बेचने से प्राप्त बताए गए 30 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
सुबह-सुबह स्टेशन पर दबिश, ई-केबिन के पास पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई 4 अक्टूबर की सुबह करीब 7:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 1/7 से आगे दिल्ली छोर की ओर बने ई-केबिन के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवंत साहू (26), उसकी पत्नी सोनिया साहू (23), दोनों निवासी दतिया, मध्य प्रदेश, तथा सोनम अहिरवार (20), निवासी दतिया के रूप में हुई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल श्रीवास्तव के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सलीम खान के निकट पर्यवेक्षण और जीआरपी थाना प्रभारी शरेआलम खान के नेतृत्व में की गई। जीआरपी टीम के साथ आरपीएफ क्राइम विंग की टीम ने भी संयुक्त रूप से कार्रवाई में भाग लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में थाना जीआरपी झांसी पर मु0अ0सं0 323/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में थाना प्रभारी शरेआलम खान, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल भाष्कर शुक्ला, महिला कांस्टेबल पूजा यादव और महिला कांस्टेबल रीता बिंद शामिल रहीं।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










