रेलवे सुरक्षा बल की कमान अब जितेंद्र कुमार के हाथ, सोनाली मिश्रा की लेंगे जगह
नई दिल्ली। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1993 बैच के अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने रेल मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। वह वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को पूरा हो रहा है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, जितेंद्र कुमार को रेलवे बोर्ड में महानिदेशक, रेलवे सुरक्षा बल के पद पर पे मैट्रिक्स के लेवल-16 में नियुक्त किया गया है।
उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी। आदेश के मुताबिक, उनका कार्यकाल 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक रहेगा। दोनों में से जो भी पहले होगा, उसी के अनुसार उनकी नियुक्ति प्रभावी रहेगी।
रेलवे सुरक्षा बल की कमान संभालने के बाद जितेंद्र कुमार पर रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। उनके नेतृत्व में आरपीएफ की कार्यप्रणाली और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर विशेष नजर रहेगी।










