सीएमओ के छापे में स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल, दो सीएचसी पर सभी एनएचएम कर्मी नदारद, एक आरोग्य मंदिर पर लटका मिला ताला

बड़ागांव-चिरगांव में अनुपस्थित मिले एनएचएम कर्मचारी, दिगारा में बंद मिला केंद्र; सीएमओ ने स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के दिए निर्देश

झांसी, 15 अक्टूबर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के औचक निरीक्षण में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ागांव और चिरगांव में सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मी अनुपस्थित मिले, जबकि दिगारा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ताला लटका मिला। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बड़ागांव सीएचसी के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. डेजी भाटिया ने बताया कि अस्पताल में 180 मरीजों को उपचार दिया गया और छह मरीजों के एक्स-रे किए गए। यहां आवश्यक दवाओं की सूची में शामिल 249 दवाओं के सापेक्ष 206 उपलब्ध मिलीं। अस्पताल में इस माह अब तक 12 प्रसव कराए जा चुके हैं।

उपस्थिति पंजिका की जांच में वार्ड बॉय राजेंद्र कुमार, एआरओ देवेश सिंह यादव, फार्मासिस्ट अर्चना सचान और डेंटल हाइजीनिस्ट सुजाता नायर अनुपस्थित मिलीं। इसके अलावा सभी एनएचएम कर्मी भी गैरहाजिर पाए गए।

चिरगांव सीएचसी पर 359 मरीजों को मिला उपचार

चिरगांव सीएचसी के निरीक्षण में प्रभारी अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह, डॉ. रामानंद सहित नियमित कर्मचारी उपस्थित मिले। यहां 359 मरीजों को उपचार दिया गया और 16 मरीजों की एक्स-रे जांच की गई। सीएमओ ने औषधि वितरण कक्ष में फार्मासिस्ट को दैनिक खपत रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। इस दौरान एएनएम नाजमीन बानो टीकाकरण करती मिलीं।

अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं मालती और प्रियंका से सीएमओ ने बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। दोनों ने निःशुल्क उपचार और भोजन व्यवस्था पर संतोष जताया। हालांकि, चिरगांव सीएचसी पर भी सभी एनएचएम कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

पारीछा में सीएचओ अनुपस्थित, दिगारा में बंद मिला केंद्र

सीएमओ ने बड़ागांव ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पारीछा गांव और दिगारा का भी निरीक्षण किया। पारीछा गांव में एएनएम रीमा यादव उपस्थित मिलीं, जबकि सीएचओ सोमवीर सिंह अनुपस्थित थे। वहीं, दिगारा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ताला लगा मिला और सीएचओ देवेंद्र भी अनुपस्थित पाए गए।

आपातकालीन और प्रसव सेवाएं जारी रखने के निर्देश

सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने निर्देश दिए कि नियमित कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें। एनएचएम कर्मियों के कार्य बहिष्कार के बावजूद चिकित्सा इकाइयों में आपातकालीन और प्रसव सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अंशुमान तिवारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *