आईजी मुन्नावर खुर्शीद की मौजूदगी में आरपीएफ बैंड डिस्प्ले एवं रिट्रीट सेरेमनी आयोजित, दिवंगत कर्मी के परिवार का सम्मान
नई दिल्ली। हाल ही में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) में भव्य बैंड डिस्प्ले एवं रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईजी मुन्नावर खुर्शीद, आईजी-कम-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पीसीएससी), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के दौरान आईजी मुन्नावर खुर्शीद ने आरपीएफ जवानों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक बैंड प्रदर्शन की सराहना की तथा बल की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को रेखांकित किया। इस अवसर पर दिवंगत पूर्व कांस्टेबल कृष्ण चंदर (पश्चिम रेलवे) के परिवार को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं बलिदान के सम्मान में स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आईजी मुन्नावर खुर्शीद ने कहा कि आरपीएफ अपने कर्मियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को सदैव सम्मान देता है तथा उनके परिवारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में आरपीएफ एवं आरपीएसएफ मुख्यालय सहित विभिन्न रेलवे जोनों के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
समारोह राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत कर्मियों के योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।






