डीआरएम अनिरुद्ध कुमार स्वयं पहुंचे स्टेशन, पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन को कराया रवाना

वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की रही विशेष व्यवस्था

झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल द्वारा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन का संचालन किया गया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार स्वयं रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए। स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल, यात्री सहायता केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी द्वारा सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की गई।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण कर यात्रियों एवं अभ्यर्थियों से भी संवाद किया तथा यह सुनिश्चित किया कि किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। उनके नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया।

स्पेशल ट्रेन के संचालन से हजारों अभ्यर्थियों को समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिली। अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों ने रेलवे प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे परीक्षा अवधि में बड़ी राहत बताया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त व्यवस्थाओं का संचालन किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *