सबका मालिक एक बाबा धाम के सेवादार राम सिंह यादव पंचतत्व में विलीन, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। चित्रा चौराहा स्थित बाबा धाम के वरिष्ठ सेवादार एवं समाजसेवी श्री राम सिंह यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। सोमवार को उनकी अंतिम यात्रा उनके निवास से श्रद्धापूर्वक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, समाजसेवी, बाबा धाम परिवार के सदस्य एवं क्षेत्रवासी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य शामिल हुए।

अंतिम यात्रा चित्रा चौराहा स्थित बाबा धाम पहुंची, जहां “सबका मालिक एक” की भावना को साकार करने वाले इस सेवा-भावी व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बाबा धाम के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी अंतिम विदाई दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बाबा धाम परिसर में शोकपूर्ण वातावरण रहा और उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक एवं धार्मिक योगदान को याद किया।

इसके बाद अंतिम यात्रा नंदनपुरा स्थित पहुंच नदी श्मशान घाट पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि राम सिंह यादव ने जीवनभर बाबा धाम की सेवा, सामाजिक सद्भाव और जरूरतमंदों की सहायता को अपना धर्म माना। बाबा धाम में वर्षों से चल रही सेवा गतिविधियों और गरीब-असहाय लोगों की मदद में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।

उनके निधन से बाबा धाम परिवार, ग्वाल टोली, सिविल लाइन तथा पूरे शहर में शोक की लहर है। उपस्थित लोगों ने उन्हें एक मिलनसार, सेवाभावी, सरल स्वभाव और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में याद करते हुए नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

“राम सिंह यादव अमर रहें” के नारों और श्रद्धा-सुमनों के बीच उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *