ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता: 5.60 लाख रुपये के चोरी के माल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
जीआरपी झांसी, आरपीएफ क्राइम विंग एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, छह मामलों का हुआ सफल खुलासा
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ क्राइम विंग (डी एंड आई) झांसी, जीआरपी झांसी एवं जीआरपी अनुभागीय स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर और वांछित यात्री सामान चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पूर्व में दर्ज छह मामलों का सफल अनावरण भी किया गया।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर संयुक्त टीम ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2/3 के दिल्ली एंड की ओर सीपरी पुल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान गौरव पाठक उर्फ मुकेश उर्फ लूला (38 वर्ष) निवासी पपरौन वार्ड नंबर-03, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय (बिहार) तथा वर्तमान निवासी गली नंबर-18, बेहटा रेलवे स्टेशन के पास, थाना लोनी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपी के पास से एक आईफोन मोबाइल, 5,140 रुपये नकद, दो जोड़ी सोने जैसी पीली धातु की कान की बालियां, एक पेंडल, दो जोड़ी चांदी जैसी सफेद धातु की पायल तथा अन्य आभूषण बरामद किए गए। बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों अनिकेत कुमार, रवीश पासवान, करम कुमार पोद्दार, बमबम मेहतो एवं प्रशांत के साथ मिलकर जनवरी 2026 में यात्री सामान चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पूर्व में दर्ज मामलों से संबंधित अतिरिक्त चोरी का माल भी बरामद किया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ जीआरपी झांसी में नया अभियोग दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
बरामदगी के आधार पर जीआरपी झांसी में दर्ज छह पुराने मुकदमों का सफल अनावरण हुआ है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के विभिन्न जीआरपी थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में शामिल टीम
आरपीएफ क्राइम विंग (D&I), झांसी
निरीक्षक ओम प्रकाश
सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार
प्रधान आरक्षक तौसीफ खान
जीआरपी झांसी
उपनिरीक्षक शिव स्वरूप सिंह
प्रधान आरक्षक अरविंद कुमार
प्रधान आरक्षक शशिकांत
जीआरपी अनुभागीय स्वाट टीम, झांसी
उपनिरीक्षक संदीप सिंह सेंगर
प्रधान आरक्षक सतपाल
प्रधान आरक्षक मोहम्मद इमरान
संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को रेलवे यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यात्री सामान चोरी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










