रेलवे ट्रैक पर करीब 50 किलोग्राम वजनी लोहे का चौखट रखकर ट्रेन को डिरेल करने की साजिश रची लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा रेल हादसा, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने शुरू की जांच

 

रिपोर्ट : नवीन यादव

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। कैंट क्षेत्र के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास रेलवे ट्रैक पर करीब 50 किलोग्राम वजनी लोहे का चौखट रखकर ट्रेन को डिरेल करने की साजिश रची गई। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, 13006 पंजाब मेल अमृतसर से हावड़ा जा रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जब ट्रेन कैंट के दिलकुशा ब्लॉक हट के समीप पहुंची, तभी लोको पायलट की नजर रेलवे ट्रैक पर रखे भारी लोहे के चौखट पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन इसके बावजूद इंजन चौखट से टकरा गया और वह इंजन के नीचे फंस गया।

घटना के बाद लोको पायलट ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। इंजन में फंसे लोहे के चौखट को हटाकर आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। रेलवे और आरपीएफ की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे ट्रेन को डिरेल करने की साजिश माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *