उत्तर मध्य रेलवे की सौगात: प्रयागराज से मुंबई के लिए नई सुपरफास्ट ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन, आरक्षण शुरू
रिपोर्ट: नवीन यादव
प्रयागराज। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज (सूबेदारगंज) से वडोदरा, सूरत होते हुए मुंबई (दादर) के बीच नई सुपरफास्ट ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के लिए आरक्षण शुरू कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 04175/04176 सूबेदारगंज–दादर सुपरफास्ट ग्रीष्मकालीन स्पेशल का संचालन सीमित अवधि के लिए किया जाएगा।
गाड़ी संख्या 04175 प्रत्येक रविवार 21 जून से 12 जुलाई 2026 तक सूबेदारगंज स्टेशन से सायं 4:10 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात्रि 10:40 बजे दादर स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 04176 प्रत्येक मंगलवार 23 जून से 14 जुलाई 2026 तक दादर स्टेशन से रात्रि 12:15 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 5:00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।
यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन मार्ग में फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह आगरा, फतेहपुर सीकरी, रूपवास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी, सूरत, वापी तथा बोरीवली स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी।
ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 01 दिव्यांगजन सह गार्ड कोच, 05 सामान्य श्रेणी, 08 स्लीपर, 06 थर्ड एसी तथा 01 सेकेंड एसी कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है, ताकि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रा सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाई जा सके।










