रेल यात्रियों को बड़ी राहत: 15 जुलाई तक लॉन्च होगी आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट, टिकट बुकिंग होगी और आसान
रिपोर्ट नवीन यादव
नई दिल्ली। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि 15 जुलाई तक भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की नई और आधुनिक वेबसाइट शुरू कर दी जाएगी। नई वेबसाइट का उद्देश्य टिकट आरक्षण प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल, तेज और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाना है।
जानकारी के अनुसार, जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वर्तमान आईआरसीटीसी वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के समय आने वाली कठिनाइयों, विशेष रूप से कैप्चा सत्यापन प्रणाली के कारण होने वाली देरी का मुद्दा उठाया।
एक छात्र ने रेल मंत्री से सीधे अनुरोध करते हुए कहा कि टिकट बुकिंग के दौरान कैप्चा प्रणाली में सुधार किया जाए। इस पर रेल मंत्री ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर तकनीकी टीम को 30 दिनों के भीतर नई एवं अधिक सुविधाजनक वेबसाइट विकसित करने के निर्देश दिए।
नई वेबसाइट में टिकट आरक्षण प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने, उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव देने, बुकिंग में होने वाली देरी कम करने तथा कैप्चा प्रणाली को आसान और तेज बनाने जैसी सुविधाएं शामिल किए जाने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय का मानना है कि नई वेबसाइट शुरू होने के बाद यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान पहले की तुलना में अधिक सुविधा और बेहतर सेवा उपलब्ध होगी।










