झांसी-लखनऊ में पूर्व सपा विधायक के ठिकानों पर ED की बड़ी कार्रवाई, 500 पन्नों की फाइल जब्त
झांसी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को झांसी और लखनऊ में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत चल रही जांच के सिलसिले में की गई। अधिकारियों के अनुसार, झांसी और लखनऊ के कुल 11 परिसरों की तलाशी ली गई, जिनमें पूर्व विधायक, उनके परिजनों और करीबी सहयोगियों के आवास एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने लगभग 500 पन्नों के महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन से संबंधित फाइलें और कई डिजिटल उपकरण अपने कब्जे में लिए हैं। इन दस्तावेजों की जांच कर कथित अवैध संपत्तियों और धन के स्रोत का पता लगाया जाएगा। प्रारंभिक जांच में रियल एस्टेट, निर्माण कार्य और अन्य कारोबारी गतिविधियों के माध्यम से धन शोधन की आशंका जताई गई है।
यह जांच उत्तर प्रदेश सतर्कता विभाग द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले और अन्य शिकायतों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। ईडी अब जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कर रही है।
इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जहां चढ़ावा चोरी का माल है, वहां छापे नहीं मारते।” उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और एजेंसी ने जब्त दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच तेज कर दी है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










