झांसी में हजरत निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव, कोच का शीशा टूटा

झांसी रेल मंडल में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं बढ़ रही हैं, हाल ही में हजरत निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस को करारी स्टेशन के पास निशाना बनाया गया, जिससे बी-5 कोच का शीशा टूट गया।

 झांसी। झांसी रेल मंडल में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बरौनी मेल और गतिमान एक्सप्रेस के बाद मंगलवार रात हजरत निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस को भी अराजकतत्वों ने निशाना बनाया।

करारी स्टेशन के पास हुए पथराव में बी-5 कोच का शीशा टूट गया। हालांकि पत्थर कोच के अंदर नहीं पहुंचा, जिससे हादसा टल गया। घटना के बाद आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस ग्वालियर से झांसी की ओर आ रही थी। इसी दौरान करारी स्टेशन के पास अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। घटना की सूचना टीटीई ने तत्काल रेलवे कंट्रोल को दी।

आरपीएफ ने घटनास्थल के आसपास जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में टीम ने डेरा डाल दिया है। इससे पहले पिछले सप्ताह बरौनी मेल और गतिमान एक्सप्रेस पर भी पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं। बरौनी मेल मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य मामलों में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *