दीप नारायण के घर से 10 हजार दस्तावेज ले गई ED, पूर्व सपा विधायक बोले- जांच में पूरा सहयोग करेंगे
ईडी की छापेमारी के बाद सपा के पूर्व विधायक दीप नारायण यादव ने जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सर्वोच्च जांच एजेंसी पर पूरा भरोसा है और निष्पक्ष जांच में सच सामने आएगा।
झांसी। ईडी की छापेमारी पूरी होने के बाद समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीप नारायण यादव ने कहा कि उन्हें देश की सर्वोच्च जांच एजेंसी पर पूरा भरोसा है और वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि ईडी की टीम सुबह से देर रात तक जांच करती रही और 10 हजार से अधिक दस्तावेज सील कर अपने साथ ले गई। कहा कि जीवन में कोई गलत काम नहीं किया है और अपनी आय-व्यय का एक-एक रुपये का हिसाब जांच एजेंसी को उपलब्ध कराएंगे।
जांच के दौरान अधिकारियों ने जो भी दस्तावेज मांगे, उन्हें उपलब्ध कराया गया। राजनीतिक साजिश के सवाल पर कहा कि यदि ऐसा है तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हमारे नेता हैं, उनकी संवेदनाएं हमरे साथ है। मुझे भरोसा है कि निष्पक्ष जांच में सच सामने आएगा।










