चित्रकूट बनेगा शस्त्र और शास्त्र का केंद्र: योगी, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट में 950 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और इसे शस्त्र व शास्त्र का केंद्र बनाने की बात कही। उन्होंने सपा-कांग्रेस पर अयोध्या विवाद और परिवारवाद को लेकर तीखा हमला बोला, साथ ही डिफेंस कॉरिडोर के विकास पर जोर दिया।

चित्रकूट। तपोभूमि में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 950 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में डिफेंस कारिडोर बनकर तैयार है। जल्द हम यहां आएंगे और यहां निवेश की शुरुआत होगी। प्रभु श्रीराम की तपोभूमि शस्त्र और शास्त्र के संधान का केंद्र बनेगी।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां सपा के विधायक हैं, वहां कोई विकास के लिए कहने वाला नहीं। सपा को ठेका, पट्टा और जमीन कब्जाने से फुरसत नहीं है। वे बाबर और औरंगजेब को अपना आदर्श मानते हैं। सनातन का सम्मान नहीं करते। सरकार का दबाव है कि वे अपने मन की कर नहीं पा रहे। चित्रकूट से डबल इंजन सरकार के विधायक-सांसद होते तो और विकास होता।

उन्होंने अयोध्या को लेकर सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला कि हमारे प्रभु को काल्पनिक बोलने वाले लोग किस मुंह से आज अयोध्या में आस्था की बात कर रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को एक तरह से क्लीन चिट देते हुए कहा कि ट्रस्ट के कहने पर ही एसआइटी जांच हुई। जो प्रमाण मिले केवल छह लोग इसमें चोरी करते हुए और दो साजिश में शामिल पाए गए। आठ लोग पकड़े गए। ट्रस्ट ने एफआइआर कराई। तो फिर पूरे ट्रस्ट को बदनाम करने का औचित्य कहां है।

उन्होंने कांग्रेस व सपा को गिरगिट की संज्ञा दी। कन्नौज मेडिकल कालेज से डा. भीमराव अंबेडकर का नाम हटाने को लेकर भी सपा पर निशाना साधा और परिवारवाद-वंशवाद की पार्टी बताई। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था और लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। साथ में मंडलीय अधिकारियों के साथ नई कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा किया।

सीएम निर्धारित समय से 28 मिनट देर से चित्रकूट पहुंचे। वह देवांगना स्थित नए सर्किट हाउस में रात्रि प्रवास करेंगे और गुरुवार सुबह बरहा हनुमान मंदिर से कामदगिरि परिक्रमा करेंगे। सुबह करीब 10:30 बजे वह बांदा चले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *