झांसी में बुर्का पहनकर लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार:गार्ड को बंधक बनाकर दो लाख रुपए लूटे थे, मुठभेड़ में पकड़े गए
झांसी पुलिस ने रामराजा दवा बाजार में बुर्का पहनकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने कुछ दिन पहले सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर एक मेडिकल एजेंसी से करीब दो लाख रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी का बड़ा हिस्सा, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वारदात वाली रात बाजार बंद होने से पहले बुर्का पहनकर इमारत में दाखिल हुए थे। किसी को शक न हो, इसलिए वे करीब पांच घंटे तक छत पर बने बाथरूम में छिपे रहे। देर रात जब बाजार पूरी तरह सुनसान हो गया, तब दोनों नीचे आए और ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने गार्डों के हाथ-पैर बांध दिए और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद गैस कटर और ग्राइंडर मशीन की मदद से मेडिकल एजेंसी का शटर काटकर गल्ले में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी।
घटना के बाद नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भगवंतपुरा क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटेलाल राजपूत उर्फ पवन राजपूत और दिनेश लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लगभग 1.49 लाख रुपये नकद, दो देशी तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है।










