डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने तीन प्रमुख स्टेशनों का किया निरीक्षण अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा, यात्री सुविधाओं और गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी, 9 जुलाई। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने गुरुवार को ललितपुर, महाराजा छत्रसाल छतरपुर और टीकमगढ़ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत ललितपुर रेलवे स्टेशन से हुई, जहां मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के नियमित रखरखाव और बेहतर संचालन पर भी जोर दिया।
इसके बाद डीआरएम महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता, स्टेशन भवन, यात्री प्रतीक्षालय, परिसंचरण क्षेत्र और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम ने टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा किया। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित आधुनिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्टेशन का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन और नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल एवं दूरसंचार, मेन लाइन) राजकुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल एवं दूरसंचार, शाखा लाइन) रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जे.के. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झांसी मंडल के स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ और यात्री-केंद्रित स्वरूप देने के लिए रेलवे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर रेल सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।










