झांसी रेल मंडल की चेतावनी: वाटरवे ब्रिज से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित मानसून में जन सुरक्षा को देखते हुए केवल अधिकृत मार्गों का ही करें उपयोग

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल ने आम जनता के लिए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि बीना–झांसी रेलखंड पर माताटीला और बसई रेलवे स्टेशनों के मध्य स्थित ब्रिज संख्या 1083/1 एक वाटरवे ब्रिज है, जिसका निर्माण केवल वर्षा के पानी की निकासी के उद्देश्य से किया गया है। यह पुल आम लोगों के आवागमन अथवा रेलवे ट्रैक पार करने के लिए अधिकृत मार्ग नहीं है।

रेलवे के अनुसार मानसून के दौरान इस पुल पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे इसके उपयोग पर जनहानि अथवा गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ब्रिज से आम जनता का आवागमन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करने अथवा आवागमन के लिए केवल अधिकृत वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। इसके लिए झांसी छोर पर रोड अंडर ब्रिज संख्या 348 तथा बीना छोर पर समपार फाटक संख्या 347 का उपयोग करें।

रेलवे ने नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार के अनधिकृत मार्ग से रेलवे ट्रैक पार न करने की अपील की है, ताकि मानसून के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *