चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, आरपीएफ जवान की बहादुरी से बची यात्री की जान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर सतर्क आरपीएफ कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने दिखाई तत्परता, बड़ा हादसा टला

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री की जान बच गई। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान आरपीएफ के कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से गिर रहे यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना 8 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 11:19 बजे की है। गाड़ी संख्या 22182 प्लेटफॉर्म संख्या 2 से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री स्लीपर कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गया। मौके पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर यात्री सुरक्षा और ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात आरपीएफ कांस्टेबल प्रवीण कुमार ने बिना एक पल गंवाए तत्काल यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

बचाए गए यात्री की पहचान रमेश जैन (42 वर्ष) निवासी ग्राम सुरखी, जिला सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। यात्री ने बताया कि उसका बैग स्लीपर कोच एस-2 में रह गया था, जिसमें उसका सामान्य श्रेणी का रेल टिकट भी रखा था। बैग लेने की जल्दबाजी में उसने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, जिससे वह हादसे का शिकार हो गया।

आरपीएफ ने इस घटना के माध्यम से यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर समय सतर्क और प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *