महोबा स्टेशन पर चला टिकट जांच का महाअभियान, 110 बेटिकट यात्रियों पर ₹70,600 का जुर्माना स्टेशन के सभी प्रवेश-निकास द्वारों पर रही कड़ी निगरानी, महिला व दिव्यांग कोचों में भी हुई सघन जांच
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में गुरुवार, 09 जुलाई 2026 को महोबा रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के विरुद्ध विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई। सघन जांच के चलते बिना टिकट किसी भी व्यक्ति को स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा बाहर निकलने नहीं दिया गया। कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही, जबकि महोबा स्टेशन की टिकट खिड़की पर वैध टिकट लेने वाले यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 11801 ग्वालियर–प्रयागराज एक्सप्रेस, 11802 प्रयागराज–ग्वालियर एक्सप्रेस, 19665 खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस, 19666 उदयपुर–खजुराहो एक्सप्रेस, 64612 मानिकपुर–झांसी मेमू तथा 64613 झांसी–बांदा मेमू में सघन टिकट जांच की गई। सभी ट्रेनों के महिला एवं दिव्यांग कोचों की भी विशेष रूप से जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान कुल 110 बिना टिकट, अनियमित यात्रा करने वाले तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹70,600 का जुर्माना वसूल किया गया।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक प्रशांत कुमार, अमरेश तिवारी, प्रदीप श्रीवास, सतेंद्र जैन, आर.के. दुबे, कुलदीप कुमार, तारा चंद्र सहित आरपीएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि वे सदैव वैध यात्रा टिकट लेकर यात्रा करें, स्टेशन एवं रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखें तथा रेलवे नियमों का पालन कर सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा में सहयोग करें।










