आगरा रेल मंडल की बड़ी पहल: 14 ट्रेनों में बढ़ाई गई आरपीएफ एस्कॉर्ट, यात्रियों की सुरक्षा होगी और मजबूत चोरी, लूट, जहरखुरानी और महिला यात्रियों से जुड़े अपराधों पर लगेगी लगाम
रिपोर्ट: नवीन यादव
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 14 प्रमुख ट्रेनों में सुरक्षा एस्कॉर्ट (सशस्त्र सुरक्षा दल) बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य ट्रेनों में होने वाली चोरी, लूटपाट, जहरखुरानी, महिला यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
रेल प्रशासन के अनुसार जिन ट्रेनों में सुरक्षा एस्कॉर्ट बढ़ाई गई है, उनमें आरपीएफ के प्रशिक्षित और सशस्त्र जवान यात्रा के दौरान लगातार निगरानी रखेंगे। विशेष रूप से रात्रिकालीन और तड़के चलने वाली ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा मिल सके।
आरपीएफ का मानना है कि अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती से मोबाइल चोरी, जहरखुरानी, अवैध वेंडरों की गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में यात्रियों को ट्रेन के भीतर ही तत्काल सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
यात्रियों के लिए आरपीएफ की अपील
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। किसी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें तथा अपने मोबाइल, बैग और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें। यदि ट्रेन या प्लेटफॉर्म पर कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल आरपीएफ या जीआरपी के ड्यूटी पर तैनात जवानों को दें।
रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक यात्री सुरक्षित, निर्भय और विश्वास के साथ रेल यात्रा कर सके।










