झांसी पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, 11 आरोपी गिरफ्तार
झांसी पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
झांसी। पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और नौ महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, कंप्यूटर, बैंक दस्तावेज समेत करीब नौ लाख रुपये का सामान बरामद किया है। जांच में सात बैंक खातों से करीब 41 लाख रुपये के लेन-देन की भी जानकारी मिली है। पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान ने बताया कि नवाबाद क्षेत्र स्थित एक मकान में शादी संस्था डॉट कॉम के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था।
सूचना मिलने पर साइबर टीम और पुलिस ने छापा मारकर गिरोह का पर्दाफाश किया। मुख्य संचालक हलधर साहू समेत चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कॉलिंग का काम करने वाली सात युवतियों को पूछताछ के बाद मुचलके पर छोड़ दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और इंटरनेट मीडिया से लोगों का डाटा जुटाते थे। इसके बाद शादी का झांसा देकर प्रोफाइल, रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी फीस के नाम पर ऑनलाइन रुपये वसूलते थे। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया जाता था।
आरोपितों ने एआई से तैयार युवतियों की तस्वीरें भेजकर भरोसा जीतने और अश्लील बातचीत रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने सातों बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी ने लोगों से अपील की है कि शादी के नाम पर ऑनलाइन रुपये मांगने वालों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने को दें।










