पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने किया निरीक्षण, जीआरपी लाइन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

 

रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जीआरपी लाइन झांसी का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्द की सलामी से हुई। इसके बाद सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों का टर्नआउट उच्च स्तर का पाया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार, भोजनालय, बैरक, आरक्षी आवास, परिवहन शाखा, प्रशिक्षण कक्ष, मनोरंजन कक्ष, अतिथि कक्ष, मालखाना तथा अभिलेख कक्ष का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाने में रखे शस्त्रों एवं अन्य सामान की साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया। साथ ही भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की भी जांच कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक रेलवे ने जीआरपी लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया तथा परिसर में लगे पौधों और वृक्षों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक जीआरपी लाइन झांसी, वाचक पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी सहित जीआरपी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *