मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर, 110 शिकायतों का मौके पर समाधान
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में झांसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर जून 2026 के दौरान कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना तथा उन्हें कार्मिक सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था।
शिविर पुखरायां, ग्वालियर, चिरगांव, भिंड, खजुराहो और मुरैना स्टेशनों पर आयोजित किए गए। इस दौरान कार्मिक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही कर्मचारियों को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली, पहचान पत्र योजना, कर्मचारी कल्याण निधि तथा अन्य कार्मिक सेवाओं एवं ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई। आवश्यकतानुसार संबंधित प्रक्रियाओं में भी कर्मचारियों की सहायता की गई।
शिविरों के दौरान कर्मचारियों से कुल 162 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 110 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों को आवश्यक परीक्षण एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित शाखाओं को भेजा गया, ताकि उनका भी शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि झांसी मंडल कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। भविष्य में भी इस प्रकार के शिकायत निवारण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और उन्हें रेलवे की सभी सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।










