बुंदेलखंड राज्य गठन की मांग को लेकर गरजा बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा, संसद के साथ विधानसभाओं का भी हो परिसीमन प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, जल्द राज्य गठन नहीं होने पर चुनावी जनआंदोलन की चेतावनी

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने गुरुवार को गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे लगाए। इसके बाद प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र सरकार अपने 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का अभियान चला रही है, लेकिन बुंदेलखंड राज्य गठन को लेकर जनता से किए गए वादे का भी उल्लेख किया जाना चाहिए। मोर्चा का आरोप है कि रामराजा सरकार को साक्षी मानकर बुंदेली जनता से तीन वर्ष के भीतर पृथक बुंदेलखंड राज्य बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

मोर्चा ने मांग की कि झांसी, बांदा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, सागर, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया सहित बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जनपदों तथा लहार, गोहांड, करेरा, पिछोर, चंदेरी, गंज बासोदा, कटनी सहित अन्य बुंदेली क्षेत्रों को मिलाकर अखंड बुंदेलखंड राज्य का गठन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे कम कोई प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि संसद के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के साथ-साथ देश की सभी विधानसभाओं का भी परिसीमन कराया जाए, जिससे छोटे राज्यों के गठन का मार्ग प्रशस्त हो सके और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिले।

मोर्चा ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ विधायकों ने जब राज्य निर्माण की मांग उठाई तो उन्हें ऐसा न करने की हिदायत दी गई। साथ ही उपमुख्यमंत्री द्वारा झांसी में राज्य निर्माण की संभावना से इनकार किए जाने के बाद क्षेत्र के कई सांसद और विधायक भी इस मुद्दे से पीछे हट गए। इससे जनता के बीच यह संदेश गया है कि सत्ता पक्ष की कथनी और करनी में अंतर है।

बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पृथक बुंदेलखंड राज्य का गठन नहीं किया गया तो संगठन बुंदेली जनता के साथ व्यापक जनआंदोलन चलाएगा और आगामी चुनाव में राज्य निर्माण का विरोध करने वाले सांसदों एवं विधायकों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अभियान चलाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मोर्चा के प्रवक्ता रघुराज शर्मा, रजनीश श्रीवास्तव, प्रदीप नाथ झा, हनीफ खान, प्रदीप गुर्जर, बृजेश राय, नरेश वर्मा, प्रेम सपेरा, अभिषेक तिवारी, अरुण रायकवार, विजय रायकवार, शंकर रायकवार, प्रभूदयाल कुशवाहा, कुलवंत सिंह खालसा, धनश्याम गौतम, जिला अध्यक्ष अनिल कश्यप, राजेश लोहिया, मोहम्मद शफीक, शाहजहां बेगम, कुंती राय, शबनम आरा खान, ममता देवी, शाइदा बेगम, राधा वर्मा, रजनी वर्मा, मुन्नी देवी सहित बड़ी संख्या में मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *