झाँसी मंडल के चार अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण, आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी यात्रियों की यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के 75 पुनर्विकसित स्टेशनों का किया राष्ट्र को समर्पण, टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, हरपालपुर और भिण्ड को मिली नई पहचान

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

झाँसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 20 राज्यों में पुनर्विकसित 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया। इनमें मध्य प्रदेश के 13 स्टेशन शामिल हैं। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल के टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, हरपालपुर तथा भिण्ड रेलवे स्टेशन भी इस योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर राष्ट्र को समर्पित किए गए। इन स्टेशनों के पुनर्विकास से यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

चारों स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत इन स्टेशनों का विकास स्थानीय स्थापत्य, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक रेल सुविधाओं के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि रहे। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने उनका स्वागत किया, जबकि मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अन्य अतिथियों का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे की यात्रा कोयले से चलने वाली ट्रेनों से आगे बढ़कर अब हाइड्रोजन तकनीक तक पहुंच चुकी है, जो देश की तकनीकी प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती रेल कनेक्टिविटी से बुंदेलखंड में रोजगार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा टीकमगढ़ स्टेशन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का नया प्रतीक बनेगा।

टीकमगढ़ स्टेशन के पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, कार्यकारी विश्राम कक्ष, विस्तृत पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।

महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी रेल सुविधा का सपना देखा जाता था, आज वही स्टेशन आधुनिक भारत की नई पहचान बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं और आज देश विश्वस्तरीय रेल अवसंरचना की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनों का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका है।

छतरपुर स्टेशन पर स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्लेटफार्मों का सुधार, आकर्षक अग्रभाग, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं तथा अन्य यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।

हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेश केवट ने कहा कि स्टेशन के पुनर्विकास से हरपालपुर को नई पहचान मिली है और इससे क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। स्टेशन भवन के उन्नयन, प्लेटफार्म सुधार, आधुनिक प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, आकर्षक भवन और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं से यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी।

भिण्ड रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में लोकसभा सांसद संध्या राय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना जिले के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विकास की बड़ी सौगात है। उन्होंने आधुनिक स्टेशन भवन, लिफ्ट, फुट ओवर ब्रिज, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं तथा स्वच्छ और आकर्षक परिसर की सराहना करते हुए नागरिकों से स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि स्टेशन का पुनर्विकास क्षेत्र के विकास की नई पहचान बनेगा और इसका लाभ आने वाले वर्षों तक स्थानीय नागरिकों को मिलेगा। समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों ने चंबल अंचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां भी दीं।

झाँसी मंडल के अंतर्गत टीकमगढ़, महाराजा छत्रसाल छतरपुर, हरपालपुर और भिण्ड रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास आधुनिक रेल अवसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इन स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के समन्वय के साथ देशभर में विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *