सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को लेकर दिए निर्देश 10 अगस्त को 10.21 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोली, 14 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस

झांसी, 27 जुलाई। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष तक की आयु के करीब 10.21 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

डॉ. शिशिर पुरी ने कहा कि बच्चों के पेट में कृमि संक्रमण होने से एनीमिया, कुपोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए सभी पात्र बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य खिलाई जाए। अभियान के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को 14 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके जैन ने कहा कि नियमित रूप से कृमिनाशक दवा देने से बच्चों के पोषण स्तर और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सुधार होता है। इसके साथ ही एनीमिया की रोकथाम और बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

प्रशिक्षण में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला ने कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल के इस्तेमाल और आयरन युक्त संतुलित आहार की आदत विकसित करने पर जोर दिया। वहीं डीईआईसी प्रबंधक डॉ. रामबाबू कुमार ने एल्बेंडाजोल की उपयोगिता और अभियान के संचालन से जुड़ी जानकारी दी।

इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान तिवारी, डॉ. आशीष अग्निहोत्री, डॉ. नितिन कंसौरिया, डीसीपीएम प्रशांत वर्मा, डीपीओ दिनेश सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सा अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि और बाल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *