ठेका श्रमिकों के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, नियम तोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई रेलवे बोर्ड के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। मंडल रेल कार्यालय में 28 जुलाई को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में डिवीजनल लेबर मॉनिटरिंग कमेटी (डीएलएमसी) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में रेलवे मंडल के विभिन्न निर्माण, रखरखाव और आउटसोर्सिंग कार्यों में लगे ठेका श्रमिकों के अधिकारों, न्यूनतम मजदूरी, श्रम मानकों और सुरक्षा प्रावधानों की समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) एवं डीएलएमसी के नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक कार्मिक अधिकारी समेत प्रमुख कार्यपालक विभागों के नामित वरिष्ठ प्रतिनिधि और कार्मिक विभाग के मुख्य कल्याण हित-निरीक्षक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे ठेकों में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण और ठेकेदारों द्वारा श्रम कानूनों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को रेलवे बोर्ड के पत्र संख्या 2026/E(LL)/AT/CNR/5 दिनांक 11 मई 2026 में जारी निर्देशों और नियमों का मंडल में संचालित सभी प्रकार के ठेकों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि श्रम नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठेका श्रमिकों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी देने में लापरवाही, भुगतान में देरी अथवा सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाओं की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भविष्य के टेंडरों में श्रम नियमों को शामिल करने के निर्देश

मंडल रेल प्रबंधक ने कार्मिक और निविदा से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि भविष्य में जारी होने वाले सभी नए ठेकों, निविदा दस्तावेजों और संविदा अनुबंधों में रेलवे बोर्ड के संबंधित निर्देशों और शर्तों को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। इसका उद्देश्य ठेकेदारों को कार्य शुरू होने से पहले ही श्रमिकों के अधिकारों और श्रम कल्याण संबंधी नियमों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा अनुबंध की शर्तों के तहत उनका पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना है।

बैठक के अंत में डीआरएम ने मुख्य कल्याण निरीक्षकों और नोडल अधिकारियों को नियमित अंतराल पर कार्यस्थलों का औचक निरीक्षण करने तथा ठेका श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे के विकास कार्यों में योगदान देने वाले ठेका श्रमिकों के हित, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए मंडल प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) आदेश कुमार मिश्रा ने सभी उपस्थित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *